विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान 18 अक्टूबर से
प्रयागराज: संचारी रोगों पर काबू पाने के लिए जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान 18 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलेगा। अभियान को सफल बनाने में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मुख्य भूमिका रहेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा॰ नानक सरन ने बताया कि 18 अक्टूबर से एक नवंबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार, खांसी, आई0एल0आई ( इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस), टीबी, कोरोना आदि बीमारियों के संभावित मरीजों का पता लगाएँगी। इसके साथ ही वह कुपोषित बच्चों का सर्वे करेंगी और इसकी सूचना स्वास्थ विभाग को देंगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ज़िम्मेदारी होगी कि वह बीमार लोगों को इलाज मुहैया कराएं व नियमित रूप से अभियान की समीक्षा करें।
निम्न विभाग करेंगे अभियान में मदद
जिला मलेरिया अधिकारी आनंद सिंह ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को अभियान का नोडल बनाया गया है। जिसे सफल बनाने के लिए अभियान में ग्रामीण क्षेत्रो में 4196, एवं शहरी क्षेत्रो में 256 टीम गठित की गयी हैं जो कि अभियान के तहत कार्य करेंगी | उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की जानकारी एवं विभागीय समन्वय हेतु मुख्य विकास अधिकारी शिबू गिरी की अध्यक्षता में बैठक की गयी एवं सभी विभाग को कार्यक्रम सफल बनाने के लिए कार्य के लिए निर्देशित किया |
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 13 सम्बंधित विभाग आपसी सहयोग के माध्यम से दिए गये दायित्यों का निर्वहन करते हुए साफ़-सफाई, कचरा निस्तारण, जल भराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करेंगे | इसमें मुख्य रूप से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज / ग्राम्य विकास, पशु पालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण / समाज कल्याण, कृषि एवं सिंचाई, तथा सूचना विभाग शामिल हैं |इन विभागों को ज़िम्मेदारी दी गई है कि वह संचारी रोगों की रोकथाम में मदद करें। इस दौरान साफ-सफाई एवं कोविड-19 को लेकर मास्क और उचित दूरी बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
Comments
Post a Comment